चम्पावत : सड़क मिलान और श्री ऐड़ी बयानधूरा भूमिया मेला स्थल का होगा सौंदर्यीकरण
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद चम्पावत के सर्वांगीण विकास हेतु की गई घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में जनपद के लोहाघाट और चम्पावत विधानसभा क्षेत्रों के लिए दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को मुख्यमंत्री की ओर से हरी झंडी मिल गई है।
लोहाघाट विधानसभा: छिड़ाखाल से पंचेश्वर तक सड़क संपर्क
मुख्यमंत्री ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट की ग्राम पंचायत कोटला के ढीक में छिड़ाखाल से पंचेश्वर तक सड़क मिलान कार्य की घोषणा की है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के आवागमन में क्रांतिकारी बदलाव आएगा और स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी।
वहीं, विधानसभा क्षेत्र चम्पावत की ग्राम पंचायत ढकना बडोला हेतु की गई घोषणा के अंतर्गत प्रसिद्ध श्री ऐड़ी बयानधूरा भूमिया मेला स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस कदम से न केवल क्षेत्र की धार्मिक मान्यताओं को सम्मान मिलेगा, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी स्थल का विकास होगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं के अनुरूप इन घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु शासन स्तर पर सभी आवश्यक औपचारिकताओं को तीव्र गति से पूर्ण किया जा रहा है। वर्तमान में इन परियोजनाओं की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जैसे ही शासन से अंतिम स्वीकृति प्राप्त होगी, संबंधित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिया जाएगा। इन विकास कार्यों से जनपद के बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक धरोहर को नई मजबूती मिलेगी।

