चम्पावत : समय से पहले बंद मिले स्कूल, शिक्षक घूमते मिले बाजार में, बीईओ ने दी चेतावनी
चम्पावत। विकासखंड बाराकोट में कुछ शिक्षक समय से पहले ही स्कूल को बंद कर दे रहे हैं। शिक्षकों की लापरवाही का मामला बीईओ निरीक्षण के दौरान पकड़ में आया। बीईओ ने चेतावनी जारी करते हुए लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की बात कही। बुधवार को बाराकोट के बीईओ कमल भट्ट ने क्षेत्र के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई शिक्षकों को समय से पूर्व विद्यालयों को बंद करते हुए पाया गया। बीईओ ने बताया कि जीआईसी, प्राथमिक और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत तीन शिक्षकों को समय से पूर्व बाजार में घूमते पाया गया। शिक्षकों से पूछने पर उन्होंने तेंदुए की दहशत का हवाला दिया जो संतोषजनक नहीं पाया गया। बीईओ ने कहा कि शिक्षकों का स्पष्टीकरण भी लिया गया है। उन्होंने क्षेत्र के सभी विद्यालयों के लिए विभागीय समयसारिणी का अनुपालन करने के लिए पत्र भी जारी किया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में विभागीय समयसारिणी का अनुपालन न करने वाले शिक्षक और कार्मिकों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


