चम्पावत : तिरपाल गिरने से सात लोग घायल हुए, कुछ गर्म तेल से झुलसे
चम्पावत। जनपद के देवीधुरा क्षेत्र के कनवाड़ गांव में यज्ञोपवीत संस्कार के दौरान तिरपाल गिरने से 7 लोग घायल हो गए। इनमें से कुछ लोग गर्म तेल की कढ़ाई में गिरने से झुलसे हैं। चार लोगों को रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार आज 30 नवंबर को कनवाड़ गांव के हरीश राम के घर में उनके बेटे का यज्ञोपवीत संस्कार था। वहीं कल 1 दिसंबर को बेटी की शादी भी है। इसी दौरान दूसरी मंजिल में लगी तिरपाल एकाएक गिर गई। जिससे ऊपरी मंजिल बैठे लोग तेल की कढ़ाई में गिरने से झुलस गए। जबकि नीचे बैठे कुछ लोग भी चोटिल हुए हैं। पार्वती देवी (57), पुष्पा देवी उम्र (30), किशन राम (46), हिमानी (8), जगदीश राम (65), गीता देवी (35) और बसंती देवी (46) गर्म तेल की चपेट में आने से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने झुलसे लोगों को निकाल कर आनन फानन में देवीधुरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद पार्वती देवी, पुष्पा देवी, किशन राम और गीता देवी की गंभीर हालत को देखते हुए आपात सेवा 108 की एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जबकि शेष 3 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

