एनएच जाम होने के चलते फंसे राहगीरों के लिए अन्नदाता बना चम्पावत व्यापार संघ, भोजन व रहने व्यवस्था की


चम्पावत। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते मंगलवार को चम्पावत टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग मलवा आने के चलते जगह जगह बाधित रहा। प्रशासन ने भले ही एनएच को खोलने के पूरे प्रयास किए, लेकिन देर शाम तक यातायात सुचारू नहीं हो सका। इसके चलते तमाम यात्री चम्पावत में ही फंस गए। एनएचम जाम होने से बस स्टेशन में लगभग 15 बसें व अन्य टैक्सी गाड़ियां फंस गई। इनमें सवार यात्रियों के समक्ष भोजन व रात्री विश्राम की समस्या सताने लगी। जैसे ही व्यापार संघ चम्पावत से जुड़े पदाधिकारियों व सदस्यों को जानकारी मिली कि रोड बंद होने के कारण बस स्टेशन व बाजार क्षेत्र में तमाम यात्री फंसे हैं, सभी ने तय किया कि राहगीरों के भोजन और रहने के लिए वह खुद प्रयास करेंगे। सभी सामाजिक लोगों ने पहले शाम को सभी राहगीरों को चाय पिलाई और फिर उनके भोजन की व्यवस्था में जुट गए।
बस स्टेशन परिसर में 20 जुलाई, मंगलवार रात को बस, टैक्सी आदि यात्रियों को भरपपेट भोजन कराया। सभी यात्रियों ने चम्पावत निवासी सामाजिक लोगों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस सामाजिक और पुण्य कार्य में व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी, सचिव नवल जोशी, कोषाध्यक्ष केदार जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, राजू बोहरा, विद्याधर जोशी, सभासद रोहित बिष्ट, यशवंत बोहरा, नीरज वर्मा, नवीन सुतेड़ी, त्रिलोक गिरी, सुरेन्द्र सौन, गौरव पाण्डेय, ललित देउपा, शंकर जोशी, बल्लू भंडारी समेत तमाम लोगों ने हाथ बंटाया। बाद में तहसीलदार ज्योति धपवाल, सभासद रोहित बिष्ट व राजस्व विभाग के अधिकारियों ने यात्रियों के फंसे होने की सूचना के बाद तत्काल उनके रहने के लिए नगर पालिका के रैन बसेरे में व्यवस्था की।





