चम्पावत : परिवहन विभाग ने चेकिंग अभियान संचालित कर 114 वाहनों का किया चालान
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार होली पर्व एवं पूर्णागिरि मेला को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में परिवहन विभाग द्वारा ज़ीरो-टॉलरेंस नीति के अंतर्गत सघन एवं प्रभावी वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर तत्काल एवं कड़ी वैधानिक कार्रवाई करना है।
एआरटीओ मनोज बगोरिया ने जानकारी देते हुए बताया अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 114 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं, 3 वाहनों को सीज किया गया है तथा 15 वाहनों के दस्तावेज़ जब्त किए गए हैं। जांच के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, बिना फिटनेस, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, बिना कर, बिना परमिट एवं बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस जैसे गंभीर उल्लंघन पाए गए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।






परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों एवं पूर्णागिरि मेला अवधि के दौरान सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष एवं सतत निगरानी रखी जा रही है तथा उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल चालानी कार्रवाई, वाहन सीज, दस्तावेज़ जब्ती सहित अन्य विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। विशेष रूप से होली पर्व के दौरान हुड़दंग, शराब पीकर वाहन संचालन तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर दिन-रात कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा। परिवहन विभाग द्वारा आमजन से अपील भी की गई है कि त्योहारों को मर्यादा, जिम्मेदारी एवं सुरक्षित व्यवहार के साथ मनाएं। हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं।

