चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत की अनामिका बिष्ट और दीपा पांडे को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

Ad
ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। निदेशालय महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार वर्ष 2024-25 की घोषणा में चम्पावत जिले से दो प्रतिभाओं का चयन किया गया है। जिले की अनामिका बिष्ट पुत्री हरीश सिंह बिष्ट को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार-2024-25 तथा दीपा पांडे पत्नी महेश चन्द पांडेय को उनकी विशिष्ट कार्य सेवाओं हेतु राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार-2024-25 से सम्मानित किया जाएगा।

15 वर्षीय अनामिका बिष्ट ने कराटे में छोटी उम्र में ही अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने जुलाई 2025 में आयोजित दक्षिण एशिया कराटे चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश-प्रदेश का नाम रोशन किया। उनके पिता हरीश सिंह बिष्ट उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत हैं और माता मीनाक्षी बिष्ट गृहिणी हैं। आठ वर्ष की उम्र से कराटे का प्रशिक्षण ले रही अनामिका वर्तमान में दीपक सिंह अधिकारी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। अनामिका का कहना है कि कराटे आत्मरक्षा के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का भी एक माध्यम है और वह इस क्षेत्र में आगे और नाम कमाना चाहती हैं।

Ad

दूसरी ओर दीपा पांडेय 19 वर्षों से आंगनबाड़ी केंद्र शक्तिपुरबुंगा में अपनी सेवाएं दे रही हैं। अपनी निष्ठा और कार्यकुशलता के चलते उन्हें पूर्व में भी कई सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्तमान में उनके केंद्र में 8 बच्चे नामांकित हैं। वे कहती हैं कि छोटे बच्चों के साथ समय बिताना और उन्हें भविष्य के लिए मार्गदर्शन करना ही उनके जीवन की सबसे बड़ी संतुष्टि है। दोनों चयनित प्रतिभाओं को 04 सितम्बर 2025 को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।