जनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत के पूर्व व्यापार मंडल उपाध्यक्ष व राज्य आंदोलनकारी ‘लारा’ का हृदय गति रुकने से हुआ निधन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। चम्पावत के पूर्व व्यापार मंडल उपाध्यक्ष, राज्य आंदोलनकारी व अपने दौर के शानदार क्रिकेट खिलाड़ी दीपक सिंह तड़ागी उर्फ लारा का आज हृदय गति रुकने से निधन हो गया। शुक्रवार को जैसे ही लोगों को उनके निधन की खबर मिली उनमें शोक की लहर दौड़ पड़ी। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मिलनसार व्यक्तित्व के धनी करीब 50 वर्षीय लारा के निधन से हर किसी की आंख नम है।
लारा के निधन की सूचना मिलते ही तमाम व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद करने के साथ ही उनके आवास पर जाकर शोक संवेदना व्य​क्त की। वह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका एक पुत्र और पुत्री है जो पढ़ाई कर रहे हैं। सरल और मधुर स्वभाव के लारा चम्पावत नगर में सभी के प्रिय थे। उनके निधन पर पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सतीश जोशी, महामंत्री कमलेश राय, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, महामंत्री हरीश सक्टा, सीएम के विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सीएम कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा, विजय चौधरी, भाजपा नेता शंकर पांडे, कैलाश अधिकारी, सुधीर साह, श्याम कार्की, एडवोकेट गौरव पांडे, सभासद रोहित बिष्ट, श्याम पांडे, वरिष्ठ पत्रकार दिनेश पांडेय, कैलाश पांडे, राज्य आंदोलनकारी राजू गड़कोटी आदि ने शोक संवेदना प्रकट की। मालूम हो कि दीपक तड़ागी का क्रिकेट खेलने का अंदाज विश्व के महान क्रिकेट ब्रायन लारा से मिलता जुलता था। इस वजह उनका उप नाम लारा पड़ गया। लंबे समय से लोग उन्हें लारा के ही नाम से जानते पहचानते हैं।

Ad