लोहाघाट को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, रामलीला मैदान से की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई गति प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रामलीला मैदान लोहाघाट से अनेक जनहितकारी घोषणाएं की गईं। इन घोषणाओं में धार्मिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य, खेल, आपदा प्रबंधन तथा आधारभूत संरचना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।
सीएम धामी ने कहा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मुख्य मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार का कार्य कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। ऐलान किया कि रामलीला मैदान में नागरिक सुविधाओं के विस्तार हेतु पारंपरिक कुमाऊंनी शैली में दर्शक दीर्घा का निर्माण किया जाएगा, जिससे सांस्कृतिक आयोजनों को बेहतर व्यवस्था मिल सके।
पंचेश्वर क्षेत्र में जनहित को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होंगी। लधियाघाटी क्षेत्र में उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए महाविद्यालय स्थापना का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। युवाओं को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु पुल्हिण्डोला मिनी स्टेडियम तथा मुलाकोट पाटी में खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा। आपदा प्रबंधन एवं त्वरित राहत कार्यों की दृष्टि से पुल्ला, सीमेलखेत, पाटी तथा देवीधुरा में हेलीपैड का निर्माण कराया जाएगा।
बैतड़ी अंत्येष्टि स्थल पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। लोहाघाट के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुधार कार्य किए जाएंगे तथा पनिया-रीठाखाल मोटर मार्ग से कानीकोठ-जैतौल मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण किया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पड़ासोशेरा एवं तल्ला बापरू मोटर मार्ग का भी सुधारीकरण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त विधानसभा लोहाघाट के ग्राम फोर्ती, कमलेख एवं पटन गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। अन्य मोटर मार्गों के सुधार, इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने तथा लोहाघाट उपजिलाधिकारी आवास के सुधार कार्य सहित अनेक विकासपरक घोषणाएं भी की गईं। इन घोषणाओं से लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में समग्र, संतुलित एवं जनकेंद्रित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सुनिश्चित हुई है।

