जनपद चम्पावतनवीनतम

वार्डन द्वारा बच्चों के जबरन बाल काटने के मामले का बाल कल्याण समिति ने लिया संज्ञान, बच्चों व विद्यालय प्रबंधन से वार्ता की

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट। राजीव नवोदय विद्यालय में वार्डन द्वारा छात्रों के जबरन बाल काटने व मारपीट करने के मामले का बाल कल्याण समिति ने संज्ञान लिया है। समिति ने आज राजीव गांधी नवोदय विद्यालय पहुंचकर छात्रों एवं कर्मचारियों से मिलकर विवाद के संबंध में वार्ता की। समिति ने छात्रों के साथ वार्ता कर उनकी परेशानियों को समझते हुए उनकी विद्यालय प्रशासन के साथ बैठक करा कर मामले का निदान कराने का सामूहिक प्रयास किया। समिति द्वारा छात्र छात्राओं को मिलने वाले भोजन, उनके रहने की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल की व्यवस्थाओं को भी देखा गया। समिति के अध्यक्ष सुधीर शाह ने छात्र छात्राओं को बाल कल्याण समिति के उद्देश्यों के बारे में बताया। समिति के सदस्य सामाजिक कार्यकर्ता राजू गड़कोटी ने छात्र-छात्राओं को जागरूक रहते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यथासंभव परेशानियों को समझते हुए उन्हें विद्यालय प्रशासन से संभावित हल निकालने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। समिति की महिला सदस्य आनंदी अधिकारी द्वारा बालिकाओं के साथ बैठकर उनकी परेशानियों को जानने का प्रयास किया गया। समिति द्वारा विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सुविधाएं एवं उनकी स्थितियों का जायजा भी लिया। साथ ही विद्यालय प्रशासन के साथ बैठक कर छात्र छात्राओं को उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप सही पठन-पाठन देने के संदर्भ में भी वार्ता की। समिति के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल राम आर्य, शिक्षक दिनेश जोशी आदि मौजूद रहे। समिति ने वार्डन महेंद्र सिंह के साथ भी वार्ता की।

Ad