देहरादून में हुए भीषण सड़क हादसे में बुझ गए दो घरों के चिराग, बी फार्मा की पढ़ाई कर रहे थे दोनों
देहरादून। राजधानी देहरादून में सड़क हादसे में दो छात्रों की जान चली गई। हादसा राजपुर थाना क्षेत्र में आईटी पार्क के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात को बुलेट बेकाबू होकर सड़क के दूसरी साइड पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें पुलिस हॉस्पिटल लेकर गई थी। एक छात्र को तो डॉक्टरों ने तभी मृत घोषित कर दिया था, जबकि दूसरे छात्र ने आज बुधवार सुबह को उचपार के दौरान दम तोड़ा।

पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद दोनों छात्रों के शवों को उनके परिजनों के सुपर्द कर दिया गया है। दोनों छात्र डीआईडी कॉलेज में बी फार्मा की पढ़ाई कर रहे थे। जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय देव कुमार निवासी जिला जमुई बिहार (स्टूडेंट DIT B फार्मा 1st year) और 19 वर्षीय रोनित विश्वास दीमापुर नागालैंड (छात्र B फार्मा 1st ईयर DIT) राजपुर में रह कर पढ़ाई कर थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात को दोनों छात्र बुलेट से धोरनपुल की तरफ से आईटी पार्क जा रहे थे। बुलेट देव कुमार चला रहा था। उसी दौरान आईटी पार्क से पहले आदर्श एंक्लेव गेट के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्रों को एंबुलेंस की मदद से मैक्स हॉस्पिटल लेकर गई। जहां पर देव कुमार को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। वहीं रोनित विश्वास के सर और पैर में गंभीर चोट आई थी। हॉस्पिटल में रोनित विश्वास का उपचार चल रहा था, लेकिन बुधवार सुबह रोनित विश्वास की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया है कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद दोनों शवों को उनके परिजनों के सुपर्द कर दिया गया है। प्रथम दृष्ट्या में छात्रों के बुलेट अनियंत्रित होने के कारण पेड़ से टकराई है।

