सीएम धामी ने छात्रों व जवानों के साथ इस तरह मनाया अपना जन्मदिन, संकल्प दौड़ को दिखाई झंडी, टपकेश्वर मंदिर पहुंच कर लिया आशीर्वाद


देहरादून। आज अपने जन्मदिन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमाद्वार देहरादून में आई.टी.बी.पी. द्वारा ‘संकल्प दिवस‘ पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों एवं जवानों के बीच केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सेना एवं विद्यार्थियों से जुड़े कार्यक्रम हमेशा नई ऊर्जा देते हैं। अनेकता में एकता ही भारत की विशेषता है। हमारे जवान देश की सुरक्षा से लेकर हर क्षण सेवा हेतु तत्पर रहते हैं। सैनिकों एवं उनके परिवार का जीवन हमेशा ही संघर्ष भरा रहता है। हमारी सेना एवं अर्धसैनिक बलों का इतिहास हमेशा से ही शौर्य और पराक्रम का रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान सम्मान स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश में धूमधाम के साथ मनाया गया। इसके साथ ही अब देश का अमृतकाल शुरू हो चुका है।


इससे पहले सीएम धामी ने आज संकल्प दिवस के अवसर पर देहरादून में संकल्प दौड़ का फ्लैग ऑफ किया। इस मौके पर उन्होंने कह कि उत्तराखण्ड को वर्ष 2025 तक हर क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। जन भावनाओं के अनुरूप प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है। उत्तराखण्ड की जनता से किए वायदों को पूरा करने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। अपने जन्म दिवस के अवसर पर प्रदेश की जनता के आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की देवतुल्य जनता के सहयोग से राज्य को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाया जायेगा। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सुबह सीएम धामी ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर भगवान शिव से प्रदेशवासियों की सुख.समृद्धि की कामना की।


