सीएम धामी पूर्व दर्जा मंत्री हयात सिंह माहरा के निधन पर शोक जताने बाराकोट के ईजड़ा गांव पहुंचे
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को भाजपा के संस्थापक सदस्य, वरिष्ठ नेता और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री स्व. हयात सिंह माहरा के आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार के साथ शोक संवेदना व्यक्त की। सीएम धामी स्व. माहरा के पैतृक गांव बाराकोट के इन्द्रपुरी (ईजड़ा) पहुंचे। सीएम का हेलीकाप्टर पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज मैदान ईजड़ा गांव में बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। वहां से वह पैदल एवं कार से गांव ईजड़ा स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार जनों को गले लगाकर इस दुख की घड़ी में ढ़ाढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने ईश्वर से पुण्य आत्मा को श्री चरणों में स्थान देते हुए शोकाकुल परिवार को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि स्व. माहरा जी के जाने से पार्टी को क्षति हुई है, वे पार्टी के लिए एक स्तंभ रहे। मालूम हो कि बीते दिनों भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महरा के पिताजी हयात सिंह माहरा का 72 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद स्वर्गवास हो गया था। शोक जताने के बाद सीएम धामी 12ः58 बजे देहरादून के लिए रवाना हो गए।
शोक जताने वालों में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी, उद्योगपति नरेंद्र लडवाल, मुकेश कालखुड़िया, जिलाधिकारी नवनीत पांडे, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लोहाघाट गोविंद लाल वर्मा आदि शामिल रहे।
