कांग्रेस नेताओं ने लचर स्वास्थ्य सुविधाओं के विरोध में चम्पावत जिला अस्पताल परिसर में किया धरना प्रदर्शन
चम्पावत। जिला अस्पताल में लगातार लचर हो रही स्वास्थ्य सुविधाओं व अस्पताल प्रशासन की घोर लापरवाही के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के नेतृत्व में एक घंटे का मौन उपवास रख कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कहा गया कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं दिनों दिन खराब हो रही है। ये हालात तब हैं, जब मुख्यमंत्री यहां के विधायक हैं। जिला अस्पताल में चिकित्सकों के साथ ही अन्य सुविधाओं की कमी है। जिससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि अगर जल्द सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया तो वे जिलाधिकारी कार्यालय, सीएमओ कार्यालय व जिला अस्पताल में तालाबंदी करेंगे। धरना देने वालों में जिला महामंत्री निर्मल तड़ागी, नगर अध्यक्ष नीरज वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता दीवान सिंह बोहरा, विवेकानंद जोशी, जगदीश पाण्डेय, दान सिंह बोहरा, अशोक वर्मा, मदन पाण्डेय, गोलू गंगोला, विमल पाण्डेय, नीरज मिश्रा, प्रमोद बड़ेला, चिराग फर्त्याल, नाथ सिंह बोहरा, दिग्विजय कार्की, कमल भंडारी, मनीष महर, विनोद बड़ेला, संदीप महर, बसन्त जोशी आदि शामिल रहे।
