उत्तराखण्डक्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून : जिम में नौकरी कर रची साजिश! सिल्वर सिटी मॉल मर्डर केस में बड़ा खुलासा

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून के व्यस्त इलाके राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास हुई विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश कई माह पहले ही तैयार कर ली गई थी। आरोपी पहले जमशेदपुर और नोएडा में उसे निशाना बनाने की फिराक में थे, लेकिन हर बार उसके साथ लोगों की मौजूदगी के कारण योजना सफल नहीं हो सकी।


सूत्रों के अनुसार, घटना से करीब तीन महीने पहले साजिश में शामिल एक आरोपी ने उस जिम में नौकरी कर ली थी, जहां विक्रम शर्मा नियमित रूप से व्यायाम करने जाता था। यह कदम पूरी वारदात की रेकी और मौके की सही जानकारी जुटाने के लिए उठाया गया था।
घटना के दिन आरोपियों ने फोन के जरिए अपने साथियों को सूचना दी कि विक्रम शर्मा जिम में मौजूद है। जैसे ही वह जिम से बाहर निकला, हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। भागने के लिए आरोपियों ने हरिद्वार से किराए पर ली गई स्कूटी और बाइक का इस्तेमाल किया था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि हत्या में शामिल मुख्य आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने जमशेदपुर और नोएडा में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि विक्रम शर्मा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में कई मामलों में शामिल रहा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते ही इस हत्या की साजिश रची गई थी।

घटना में फरार आरोपियों पर देहरादून एसएसपी ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। अभी भी 6 आरोपी फरार चल रहे हैं। बता दें कि बीती 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में स्थित एक जिम से बाहर आते वक्त आरोपियों ने विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

फरार आरोपियों के नाम-

अंकित वर्मा, निवासी- जमशेदपुर, झारखंड
आशुतोष सिंह, निवासी- जमशेदपुर, झारखंड
विशाल सिंह, निवासी- जमशेदपुर, झारखंड
आकाश कुमार, यशराज, जितेंद्र