ड्यूटी के दौरान घायल हुए आरक्षी विजय सिंह का निधन, उत्तराखंड पुलिस परिवार में शोक की लहर
हरिद्वार: उत्तराखंड पुलिस परिवार के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। वर्ष 2023 में ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हरिद्वार पुलिस के आरक्षी विजय सिंह का उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस विभाग और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षी विजय सिंह वर्ष 2023 में कोतवाली लक्सर में ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गए थे। उनका लंबे समय से जनपद ऊधम सिंह नगर में इलाज चल रहा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने आरक्षी विजय सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
हरिद्वार पुलिस परिवार ने दिवंगत आरक्षी विजय सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ, समर्पित और अनुकरणीय सेवाभाव को सदैव स्मरण रखने की बात कही। उनके निधन से पुलिस विभाग ने एक समर्पित कर्मी को खो दिया है।

