भारत-नेपाल सीमा पर नो मैंसलैंड में पुलिया बनाने पर हुआ विवाद

टनकपुर। भारत नेपाल सीमा पर स्थित नो मैंसलैंड पर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। इस बार विवाद पुलिया बनाने के बाद खड़ा हुआ है। एसएसबी ने नेपाल की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। अब दोनों देशों के उच्च अधिकारियों की बैठक के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को एक बार फिर नेपाली नागरिकों ने नो मैंसलैंड पर विवाद शुरू कर दिया। नेपाली नागरिकों ने नो मैंसलैंड पर पुलिया बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया। एसएसबी को इसकी जानकारी मिली तो जवानों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रोक दिया। मालूम हो कि कुछ दिनों पूर्व नागरिकों ने अस्थाई दुकानें बना कर नो मैंसलैंड पर कब्जे का प्रयास किया था। तब भी विवाद खड़ा हो गया था। नायब तहसीलदार पिंकी आर्य ने बताया कि नेपाली नागरिक द्वारा नो मैंसलैंड पर निर्माण कार्य किए जाने की कोशिश की जा रही है। जिसे एसएसबी द्वारा रोका गया है। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। वहां से आदेश मिलते ही आगे की कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी। एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट सुरेश कुमार तोमर ने बताया कि नेपाली नागरिक सीमा विस्तार करने की नियत से पुलिया बनाने का कार्य कर रहे थे। उसकी इस हरकत को एसएसबी के जवानों द्वारा रोका गया।



