प्रोपर्टी डीलरों के थे नेपाल सीमा पर मिले शव, कर्ज के बोझ के चलते उठाया आत्मघाती कदम

टनकपुर। नेपाल से सटे भारतीय वन क्षेत्र में बीते दिन मिले शवों की शिनाख्त हो गई है। मृत मिले दोनों महिला और पुरुष नेपाल के रहने वाले थे। आत्महत्या की वजह कर्ज में डूबना बताया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
सोमवार देर शाम नेपाल के मटेना गांव के समीप भारतीय वन क्षेत्र में वन विभाग के कर्मचारियों को गश्त के दौरान महिला और पुरुष के शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। जिनकी मंगलवार को कंचनपुर निवासी 56 वर्षीय जय बहादुर रोकाया पुत्र टेक बहादुर रोकाया और धनगड़ी निवासी 60 वर्षीय तुलसी साउद पत्नी स्व.मान सिंह साउद के रुप में शिनाख्त हुई है। कोतवाल चंद्र मोहन सिंह ने बताया है कि पुरुष की जेब से मिली डायरी में सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें उन्होंने आत्महत्या की वजह कर्ज में डूबना बताया है। बताया जा रहा है कि दोनों नेपाली नागरिक पार्टनरशिप में व्यापार करते थे। जिसमें प्रोपर्टी डीलिंग व अन्य कारोबार शामिल हैं, लेकिन व्यापार में घाटा हुआ और कर्ज का बोझ बढ़ता गया। बताया जा रहा है कि दोनों ने कर्ज के बोझ के चलते ही आत्मघाती कदम उठाने की बात सुसाइड नोट में कही है। दोनों के शव का पोस्टमार्टम कर पुलिस ने उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

