होम स्टे में मिला झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के पोते का शव, दोस्तों के साथ घूमने आया था हिमाचल
बताया जा रहा है कि वीर सोरेन 23 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने आया था
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की पर्यटन नगरी मनाली के एक होम स्टे में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की मनाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने दो दोस्तों के साथ घूमने के लिए मनाली आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी के परिजन भी मनाली पहुंच गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ सिमसा स्थित एक होम स्टे में ठहरा हुआ था। 23 फरवरी को सभी दोस्त सोलंग और सेथन क्षेत्र घूमने गए थे। रात करीब 12:30 बजे सभी कमरे में लौटे तो वीर सोरेन सो रहा था। दोस्तों के जगाने पर उसने सिर में तेज दर्द होने की बात कही। इसके बाद साथियों ने ऑनलाइन दवा मंगवाकर उसे दी, जिसके बाद वह दोबारा सो गया। दोपहर करीब 2 बजे कमरे से गिरने की आवाज आई। जब दोस्त अंदर पहुंचे तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरा हुआ मिला।

दोस्तों ने तुरंत उसे वाहन से सिविल अस्पताल मनाली पहुंचाया। अस्पताल ले जाते समय उसके मुंह से झाग निकलने लगा था। डॉक्टरों ने अस्पताल में काफी देर तक सीपीआर दिया, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। मनाली पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

