चम्पावत : टैक्सी स्टैंड के समीप संदिग्ध हालात में युवक का शव पड़ा मिला, सनसनी
चम्पावत। आज गुरुवार की सुबह नगर के भैरवां टैक्सी स्टैंड के समीप एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार युवक की पहचान उमेश जोशी उर्फ सोनू (34) के रूप में हुई है। मूल रूप से वह क्षेत्र के ग्राम चनई का रहने वाला था। वर्तमान में वह टैक्सी स्टैंड के समीप ढकना बडोला रोड पर निवासरत था। पुलिस के अनुसार आज सुबह किसी पहचानने वाले को युवक टैक्सी स्टैंड के समीप पड़ा हुआ दिखाई दिया। जिस पर परिजनों को सूचित किया गया। परिजन आनन फानन में उसे जिला चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। युवक की मौत कैसे हुई इसका खुलासा पीएम रिपोर्ट के बाद चल पाएगा। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जाएंगी। उधर, युवक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता हेमचंद्र जोशी ने निष्पक्ष मामले की जांच करने की मांग की है।


