जनपद चम्पावतनवीनतमलोकसभा चुनाव 2024

लोहाघाट में अजय टम्टा के समर्थन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की रैली, कांग्रेस को बताया लुप्त होता डायनासोर, कहा- कांग्रेस के पास पहाड़ चढ़ने की कुव्वत नहीं

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट में अजय टम्टा के समर्थन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की रैली, कांग्रेस को बताया लुप्त होता डायनासोर, कहा- कांग्रेस के पास पहाड़ चढ़ने की कुव्वत नहीं चम्पावत/लोहाघाट। अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा के समर्थन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज लोहाघाट के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कांग्रेस डायनासोर की तरह लुप्त हो रही है। कांग्रेस के पास पहाड़ चढ़ने की कुव्वत नहीं बच पाई है। साथ ही मोदी सरकार की उपलब्धियां​ गिनाते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत विश्व की महाशक्ति बनने की ओर कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने लोगों से अजय टम्टा को भारी मतों से विजयी बना कर संसद भेजने की अपील की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार ने देश में​ विकास की गति को तेजी से आगे बढ़ाया है। कहा कि यह सीमांत क्षेत्र है। कांग्रेस पहले सीमांत के गांवों को अंतिम गांव कहती थी, लेकिन पीएम मोदी ने सीमा के गांवों को प्रथम गांव कहा। साथ ही तय किया कि विकास का काम पहले गांव से होगा। कांग्रेस सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास नहीं करती थी। ऐसा करने से वे पड़ोसी देशों से डरते थे, लेकिन पीएम मोदी ने कहा कि पहले गांव का विकास पहले होगा। यही वजह है कि पहले की अपेक्षा सीमावर्ती गांवों का विकास तेजी से हुआ है।


राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड शौर्य और पराक्रम की धरती है। यहां का जवान बड़ी संख्या में सेना में भर्ती होना चाहता है। देश के लिए कुछ कर गुरजने का जज्बा रहता है। सेना का हौसला बुलंद है। आज ऐसा नहीं है कि कोई भी आंख दिखाकर निकल जाए। भारत पड़ोसियों के साथ अच्छे रिश्ते बना कर रखना चाहता है। फिर भी जवाब देने की क्षमता भी भारत की सेना के पास है। कहा कि पूर्व सैनिक लंबे समय से वन रैंक वन पेंशन की मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने नहीं दिया। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के तुरंत बाद फैसला लिया और वन रैंक वन पेंशन स्कीम लागू कर दी। कहा कि 2014 से पहले भारत आर्थिक दृष्टि से विश्व में 11वें स्थान पर था, लेकिन आज भारत पांचवे स्थान पर है। जल्द ही भारत टॉप थ्री में स्थान बना लेगा। आज मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की महाशक्ति बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारत किसी को दबाने के लिए नहीं, बल्कि विश्व कल्याण के लिए महाशक्ति बनना चाहता है। भाजपा सरकार के दस वर्ष के कार्यकाल में देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। कहा कि भारत का कद दुनिया में बहुत उंचा हो गया है। भारत की बात को पहले गंभीरता से नहीं लेता था, लेकिन आज दुनिया कान खोल कर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है।


रक्षा मंत्री ने कहा कि कतर में जिन पूर्व नौसैनिकों को फांसी की सजा दी गई थी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोन करने के बाद वहां के राष्र्टपति ने सभी की सजा माफ कर दी। सभी जेल से छूट कर वापस भारत आ गए। भारत वर्तमान में वो शक्ति बन गया है, जो अपने देशवासियों को विश्व में कहीं पर भी संकट में होने से उसे सकुशल बचा कर ला सकता है। कांग्रेस पर हमला करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेसी सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रमाण मांगते हैं। कांग्रेसी सेना पर अविश्वास करते हैं। कहा कि भाजपा जाति, पंत व मजहब के नाम पर राजनीति नहीं करती है। हम इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करते हैं। कहा कि अपनी कमियां छुपाने के लिए कांग्रेसी कुछ भी आरोप लगा लेते हैं। यह स्वस्थ राजनीति का तरीका नहीं है। कहा कि भ्रष्टाचार भाषण देकर समाप्त नहीं होता। सिस्टम में बदलाव लाना पड़ता है। आज जनधन, आधार और मोबाइल के कारण आज एक पैसे का भी भ्रष्टाचार नहीं होता है। आज आयुष्मान भारत के चलते गरीबों का पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज हो रहा है। घर घर शौचालय बनवाए जा रहे हैं। महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया गया है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस लुप्त होती जा रही है। जैसे धरती से डायनासोर लुप्त हुआ था, वैसे ही कांग्रेस भी लुप्त होती जा रही है। कहा कि कांग्रेस नेता हरीश रावत भी स्वयं कहते हैं कि कांग्रेस सुस्त व पस्त पड़ गई है। उन्होंने जनता से अपील की कि अब वे कांग्रेस को माफ कर दें। कांग्रेस की हालत अब ठीक नहीं है। पहाड़ चढ़ने की कुव्वत अब कांग्रेस के पास नहीं बच पाई है। जनसभा को संबोधित करते हुए अजय टम्टा ने सीमांत के विकास के लिए रक्षा मंत्री के तौर पर राजनाथ सिंह की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी दी। साथ ही रक्षा मंत्री का स्वागत भी किया। कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने भी राजनाथ सिंह व अन्य का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मुकेश कलुखड़िया ने किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, महिला मोर्चा राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा, जिला पंचायत सदस्य ज्योति राय, हेमा जोशी, सीएम के विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सुभाष बगौली, सतीश पांडेय, गोविंद वर्मा, मोहित पाठक, राजू गड़कोटी, योगेश मेहता आदि मौजूद रहे।