देहरादून : ‘नंगे पैर, हाथ में हथकड़ी, मांगी माफी’, पुलिस ने दिव्यांशु जटराना हत्याकांड के आरोपियों की कराई परेड
देहरादून। शहर के थाना प्रेमनगर क्षेत्र के अंतर्गत छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या कर कर दी गई थी। हत्या के बाद फरार दो आरोपी प्रहलाद राज और अंकुर पर 25-25 हजार रुपए का ईनाम रखा गया था। जिन्हें थाना प्रेमनगर पुलिस ने दो दिन पहले गिरफ्तार किया। आज 11 अप्रैल को थाना प्रेमनगर पुलिस ने क्षेत्र में दोनों आरोपियों की परेड करवाई। इस दौरान पुलिस ने छात्रों के बीच दोनों को रोककर माफी भी मंगवाई। प्रेमनगर थानाध्यक्ष ने कहा कि, जो लोग जुर्म करते हैं, उनका यही हाल होता है।

23 मार्च की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के 2 गुटों के बीच हुई मारपीट की घटना में एक छात्र दिव्यांशु जटराना गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान अस्पताल में छात्र की मौत हो गई थी। मामले में मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर पर मुकदमा दर्ज किया गया। घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपी युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा और अंकित भारद्वाज को पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
आरोपियों से पूछताछ में सात आरोपियों के नाम सामने आए थे। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार अन्य राज्यों में दबिश दी जा रही थी, लेकिन आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अलग-अलग राज्यों में अपने ठिकाने बदल रहे थे। आरोपियों के लगातार फरार चलने पर एसएसपी ने सभी फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का ईनाम भी घोषित किया था।
इसके बाद फरार इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रेमनगर पर गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग राज्यों में दबिश दी। प्राप्त जानकारियों के आधार पर फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत 2 इनामी आरोपी प्रहलाद राज और अंकुर सिंह को थाना बांगमुण्डी पश्चिम बंगाल से 9 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया। जिन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया।
पूरे मामले पर थाना प्रेमनगर प्रभारी नरेश राठौर ने पुलिस फोर्स के साथ दोनों आरोपी प्रहलाद राज और अंकुर सिंह को प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हथकड़ी लगाए नंगे पैर परेड कराई। आम जनता के बीच में थानाध्यक्ष ने कहा कि, इस तरह के जुर्म करने वाले आरोपियों को उत्तराखंड पुलिस सही जगह भेजने का काम करती है। दोनों आरोपियों को क्राइम सीन तक ले जाया गया है।

