देहरादून गोलीकांड : सामने आया करोड़ों के लेनदेन का मामला, मृतक का अपनी मां से भी चल रहा था लंबे समय से विवाद
देहरादून। पुलिस की प्रारंभिक जांच और सामने आए तथ्यों के अनुसार अर्जुन शर्मा पहले से गंभीर पारिवारिक और संपत्ति विवादों में घिरे हुए थे। हालात इतने तनावपूर्ण हो चुके थे कि उनकी मां ने हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर अपने ही बेटे से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। यह मामला केवल घरेलू विवाद नहीं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बन चुका था।
मृतक के साथ कई वर्षों से काम कर रहे विजय ने आरोप लगाया कि अर्जुन शर्मा का विजय उनियाल नाम के व्यक्ति के साथ प्रॉपर्टी को लेकर करीब 40 से 42 करोड़ रुपये का लेनदेन विवाद चल रहा था। विजय का दावा है कि अर्जुन को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी थीं।
राजीव यादव के अनुसार अर्जुन भी इसी तरह के विवादों से घिरे हुए थे। उन्होंने कई बार बताया था कि उन्होंने पुलिस और अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संपत्ति विवाद को लेकर अर्जुन की मां के साथ सिविल कोर्ट में मामला भी चल रहा था। मानसिक दबाव के कारण वह लंबे समय से तनाव और डिप्रेशन में भी बताए जा रहे थे।
नौकरानी रजनी नेगी के अनुसार अर्जुन शर्मा सुबह करीब आठ बजे वसंत विहार स्थित किराए के मकान से कॉफी पीकर निकले थे। परिवार फिलहाल किराए के मकान में रह रहा था, जबकि उनका मूल घर टपकेश्वर क्षेत्र में निर्माणाधीन है। उनकी मां और बड़ा भाई इंद्रानगर स्थित घर में रहते हैं। पत्नी अभिलाषा शर्मा गृहिणी हैं। अर्जुन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों लगभग तीन साल की बेटी और पांच साल के बेटे को छोड़ गए हैं।
अब डालनवाला क्षेत्र में हुई हत्या की घटना के संबंध में मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा निवासी 41/1 बसंत विहार देहरादून द्वारा अपनी सास बीना शर्मा का विनोद उनियाल, संगीता उनियाल पत्नी विनोद उनियाल, डॉ. अजय खन्ना, एसके मैमोरियल हास्पिटल के साथ पैसों के लेने देन होने के कारण उनके पति अर्जुन शर्मा द्वारा इस बात का विरोध करने पर उनका अपनी माता जी के साथ विवाद चलने व इस सम्बन्ध में उनका मा० न्यायालय में भी वाद के लम्बित होने तथा उक्त विवाद के चलते उक्त सभी व्यक्तियों द्वारा उनके पति की हत्या कराये जाने का शक होने के सम्बन्ध में दिये गये प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली डालनवाला पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा दिये गये निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, साथ ही सम्पूर्ण जनपद में पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों व सर्विलांस के माध्यम से भी घटना में शामिल अभियुक्तों के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है।

