पेयजल किल्लत से परेशान ग्रामीणों का खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन
लोहाघाट। निकटवर्ती ग्राम सुई पऊ के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। पेयजल किल्लत झेलते हुए परेशान हो चुके लोगों ने खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। जल्द ही समस्या का समाधान न होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

गलचौड़ा में एकत्र ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि सुई लिफ्ट पेयजल योजना 42 साल पुरानी है। इस कारण इसमें बार-बार पाइप लाइन फटने से पेयजल आपूर्ति ठप हो जाती है। कई वर्षों से लोग योजना की पाइप लाइन बदलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लोगों को एक दिन छोड़कर पानी मिल रहा है, वह भी मुश्किल से 30 से 40 मिनट तक ही। जबकि बिल पूरे माह का वसूला जा रहा है।
परेशान ग्रामीण रात को भी नौलों में बारी लगाकर पानी भरने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान न होने पर डीएम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में दिनेश ओली, मनीष ओली, नवल चतुर्वेदी, मुकुल ओली, रितिक खर्कवाल, मंटू ओली, मयंक ओली, विवेक ओली आदि मौजूद रहे। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया है कि पेयजल लाइन करीब 40 वर्ष पुरानी है। पंपिंग के दौरान जर्जर पाइप फट जा रहे हैं। योजना में गांव के लिए राइजिंग मेन पाइप लाइन को पूर्णरूप से बदलने का कार्य किया जा रहा है। जिसका कार्य शुरू भी हो गया है। जल्द ही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
