क्रिकेट मैच में विवाद, किशोर ने खत्म कर दी 13 वर्षीय साथी की जिंदगी
खेल खेल मे किशोर ने कर दी साथी की ह्त्या, डंडे से किया था सिर पर वार
हरिद्वार। रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में बीते सोमवार को कुछ बच्चे अंबेडकर पार्क में क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान 16 वर्षीय एक किशोर और 13 वर्षीय भानू पुत्र बालेंद्र सिंह के बीच खेल को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई की 16 वर्षीय किशोर ने पार्क में पड़ा डंडा उठाकर भानू के सिर पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ा। घटना को घटित होता देख पार्क में मौजूद अन्य बच्चों में चीख पुकार मच गई, इसके बाद आसपास के लोग पार्क में एकत्रित हो गए।

घटना की जानकारी भानू के परिजनों को दी गई जिस पर वो मौके पर घटनास्थल पहुंचे तथा वहां से भानू को नजदीकी अस्पताल ले गए। हालांकि भानू के सिर में इतनी गंभीर चोट आई थी कि तमाम कोशिशों के बाद भी भानू की जिंदगी नहीं बच पाई। भानू की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। वहीं पुलिस प्रशासन ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से हत्यारोपी फरार है। जिसे पुलिस प्रशासन द्वारा ढूंढा जा रहा।

