पूर्णागिरि मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की व्यापक समीक्षा बैठक, यात्रा मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण
टनकपुर/चम्पावत। आगामी 27 फरवरी से 15 जून तक भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित होने वाले उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को बूम फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक आयोजित की। बाद में डीएम ने यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पूर्णतः सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित होनी चाहिए तथा यात्रा एवं पैदल मार्गों पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मेले के दौरान किराया नियंत्रण एवं वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आईपी आधारित सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम स्थापित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को उच्चस्तरीय बनाए रखने के निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अंतर्गत पियाऊ, वाटर कूलर, टैंकर एवं सोलर हैंड पंप की व्यवस्था करने, अनाधिकृत पेयजल संयोजन समाप्त करने तथा अस्थायी पथ प्रकाश व्यवस्था, सोलर स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त करने के साथ-साथ ओवरहैंगिंग तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
मेला अवधि में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ रखने हेतु पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती, ऑक्सीजन सिलेंडर, मोबाइल केयर यूनिट एवं एसडीआरएफ टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यात्रा मार्ग में टैक्सी संचालन को सुव्यवस्थित व सूचारु बनाए रखने हेतु सभी टैक्सी यूनियन के वाहनों की सूची बनाकर बैच बनाकर मार्ग में संचालित किए जाएगे। जिसमे वाहन व ड्राइवर दोनों स्थनीय होने पर सभी की सहमति बनी।
भीड़ प्रबंधन को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए पैदल मार्गों पर चैन डिवाइडर लगाने, अनाधिकृत मार्गों पर अस्थायी बैरिकेडिंग करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साइनेज बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए। अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत धर्मशालाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन यंत्र एवं फर्स्ट एड किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने तथा फायर यूनिट एवं फायर वॉचर की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मूल्य नियंत्रण बनाए रखने हेतु रेट लिस्ट जारी करने एवं नियमित निरीक्षण अभियान संचालित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। जिलाधिकारी ने मंदिर समिति द्वारा प्रस्तावित सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, पुलिस उपाधीक्षक वंदना वर्मा, तहसीलदार टनकपुर जगदीश नेगी, एएमए जिला पंचायत कमलेश बिष्ट सहित मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

