मंडलायुक्त दीपक रावत ने सर्किट हाउस निर्माण तेजी से पूरा करने के दिए निर्देश
चम्पावत। कुमाऊं के मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने चम्पावत में सर्किट हाउस के निर्माण कार्य को देखा। उन्होंने जिलाधिकारी से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा कार्यदायी संस्था को उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप मंडलायुक्त दीपक रावत सर्किट हाउस के पास स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। जहां पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मंडलायुक्त हेलीपैड से सीधे निर्माणाधीन सर्किट हाउस के निरीक्षण को पहुंचे। जहां उन्होंने कार्य प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। आयुक्त ने जिलाधिकारी से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा कार्यदायी संस्था को उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सर्किट हाउस का निर्माण समयबद्ध और मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि क्षेत्र में आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधा सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, पुलिस उपाधीक्षक शिवराज सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


