खटीमा के तीन लोगों के खिलाफ पाटी में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज

चम्पावत। दहेज के खातिर नव विवाहिता को प्रताड़ित करने, उसके साथ आए दिन मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने पीड़िता के पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पाटी निवासी प्रियंका का विवाह करीब तीन साल पूर्व यूएस नगर के खटीमा के अमाऊ निवासी नवीन देउपा से हुआ था। प्रियंका का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली उसे दहेज के खातिर प्रताड़ित करने लगे थे। विरोध करने पर उसके साथ आए दिन मारपीट होने लगी थी। उनके जुर्म से तंग आकर प्रियंका लंबे समय पाटी स्थित मायके में रह रही है। तमाम कोशिशों के बाद भी इस मामले का हल नहीं निकल पाया। गत दिवस प्रियंका ने पति नवीन देउपा, ससुर राजेंद्र देउपा और सांस हेमा देवी के खिलाफ पाटी थाने में तहरीर सौंपी थी। एसओ हरीश प्रसाद ने बताया है कि प्रियंका की तहरीर पर उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही होगी।


