चम्पावत : जिलाधिकारी के त्वरित हस्तक्षेप से ललुवा नौले की हुई सफाई, जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर
चम्पावत। ललुवापानी में स्थित ऐतिहासिक ललुवा नौले की जर्जर एवं गंदगीयुक्त स्थिति की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को बिना विलंब सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में मात्र एक घंटे के भीतर नौले की समुचित सफाई सुनिश्चित कर दी गई, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की। इसके पश्चात जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर नौले का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में स्थित समस्त पौराणिक, प्राकृतिक एवं जल संरक्षण स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं नियमित रख-रखाव हेतु एक ठोस और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए तथा उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जल स्रोत केवल प्राकृतिक धरोहर नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन की आधारशिला हैं। इनका संरक्षण पर्यावरण संतुलन, जल सुरक्षा एवं भावी पीढ़ियों के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान बड़ी संख्या मे ग्रामीण उपस्थित रहे।


