टनकपुर में धूमधाम से मना दशहरा महोत्सव, भव्य आतिशबाजी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा
मैराथन, श्रीमद्भागवत कथा, चिकित्सा शिविर और डांस कॉम्पटीशन रहे महोत्सव का आकर्षण का केंद्र
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में इस वर्ष दशहरा पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। नव युवक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में दस दिवसीय दशहरा महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि समाजसेवी राजेंद्र चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गुरुवार को गांधी मैदान में अयोध्या से आये कलाकारो द्वारा अंतिम दिवस पर भगवान राम और रावण के बीच लीला का मंचन आयोजित किया वहीं बताते चले कि दशहरा महोत्सव इस बार केवल धार्मिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि समाज के हर वर्ग को जोड़ने वाला एक समग्र उत्सव बना। जिसमें आस्था, संस्कृति, स्वास्थ्य और खेल का सुंदर संगम देखने को मिला।

दस दिन तक चले रामलीला मंचन में कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन की लीलाओं का जीवंत चित्रण किया। समापन दिवस पर रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया। जैसे ही भगवान श्रीराम ने रावण पर बाण चलाया, आसमान आतिशबाजी की चमक से जगमगा उठा। भव्य आतिशबाजी, पूरनपुर की विशेष आतिशबाजी टीम, झूले, खेल और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल्स ने मेले में आए लोगों को खूब लुभाया। बच्चे जहां हवाई झूलों में मस्ती करते दिखे, वहीं बड़ों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोकगीत प्रस्तुतियों का आनंद लिया। समाजसेवी राजेंद्र चौधरी ने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम ने धर्म की स्थापना के लिए असत्य पर विजय पाई। हमें भी उनके आदर्शों पर चलकर समाज में सद्भाव और सत्य का संदेश फैलाना चाहिए।

कमेटी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों और नगरवासियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि महोत्सव का समापन शुक्रवार को लकी ड्रॉ और पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा, जिसमें भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इस अवसर पर अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, संस्थापक विशाल अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष नीरज सिंह, संजय पांडेय, प्रतिभा अग्रवाल, संरक्षक ओंकार सिंह, बोर्ड अध्यक्ष गौरव गुप्ता, सचिव मयंक पंत, उपाध्यक्ष संजय गर्ग, कोषाध्यक्ष अमित परवेज, मेला संचालक हरीश भट्ट, सदस्य पूनम कोहली, गीता गुप्ता, सुषमा गुप्ता, दीप्ति सिंह, दीपक राय आदि की भूमिका सराहनीय रही।
