चम्पावत : पीपलढांग में जल देयक को लेकर ईई जल संस्थान ने स्पष्ट की स्थिति
कहा- निर्धारित दरों के अनुसार ही जारी किए गए बिल
चम्पावत। पाटी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पीपलढांग में उपभोक्ताओं द्वारा पानी के बिल अधिक आने की शिकायतों पर अधिशासी अभियंता, जल संस्थान रवि प्रकाश डोबवाल ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि पूर्व में गांव में स्टैंड पोस्ट व्यवस्था संचालित थी, जिसके माध्यम से एक ही जल स्रोत से लगभग 10 से 12 परिवार पानी का उपयोग करते थे। उस समय प्रति परिवार लगभग 258 रुपये वार्षिक जल देयक निर्धारित था।
वर्तमान में “हर घर नल” योजना लागू होने के बाद प्रत्येक परिवार को अलग-अलग घरेलू जल संयोजन उपलब्ध कराया गया है। इस व्यवस्था के तहत अब प्रत्येक उपभोक्ता का अपना स्वतंत्र जल कनेक्शन है, जिससे पीपलढांग में जलापूर्ति सीधे हर घर तक सुनिश्चित की जा रही है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि इसके अनुसार प्रत्येक उपभोक्ता को विभागीय न्यूनतम दरों पर 143 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से जल देयक निर्धारित किया गया है। चूंकि अधिकांश उपभोक्ता एक वर्ष से अधिक समय से इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं, इसलिए लगभग 1720 रुपये वार्षिक बिल जारी किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा पूर्व में स्टैंड पोस्ट के लिए जल शुल्क जमा किया गया था, उस धनराशि को वर्तमान बिल में समायोजित किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत भी मिली है। साथ ही, सभी घरों में व्यक्तिगत जल संयोजन उपलब्ध होने के कारण स्टैंड पोस्ट की उपयोगिता समाप्त हो गई थी, जिसके चलते उन्हें बंद कर दिया गया है। अधिशासी अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नई व्यवस्था को समझते हुए जल का समुचित उपयोग करें।

