बुजुर्ग महिला ने सीएम से लगाई भोजनमाता पद से न हटाने की गुहार


चम्पावत। बाराकोट विकास खंड के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाड़ासो सेरा की भोजनमाता गीता देवी ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि उन्हें भोजनमाता पद से न हटाया जाए। उन्हें फिर से काम पर रखा जाए। भोजनमाता ने सीएम पोर्टल में दर्ज कराई शिकायत में कहा है कि वह स्कूल में खाना बनाने का कार्य करती थीं। स्कूल के प्रधानाचार्य ने स्कूल में बच्चों की संख्या कम होने के चलते उन्हें हटा दिया है। कहा है कि वह अपने परिवार की कमाई करने वाली एकमात्र सदस्य हैं। उनके पति का निधन हो चुका है। पांच बच्चों में से तीन की शादी हो चुकी है। दो बच्चे पढ़ते हैं। भोजनमाता पद पर कार्य करने के चलते बच्चों की पढ़ाई का खर्चा निकल जाता था, लेकिन अब उन्हें घर चलाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गीता देवी ने बताया है कि वह 16 वर्ष से भोजन माता के रूप में कार्य करते आ रही हैं। उन्होंने सीएम से गुहार लगाई है कि उन्हें भोजनमाता के रूप में फिर से काम पर रखा जाए।


