चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

टनकपुर से घाट तक सड़क की राइडिंग क्वालिटी बेहतर करने पर जोर, चम्पावत बाईपास कार्य में तेजी के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की। बैठक में सड़कों की स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा यातायात को सुगम बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा अवगत कराया गया कि स्वाला क्षेत्र में चल रहा सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्य अप्रैल माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करते हुए कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। जिलाधिकारी ने टनकपुर से घाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति को प्राथमिकता से सुधारने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क की राइडिंग क्वालिटी को बेहतर बनाया जाए, ताकि आमजन को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन का लाभ मिल सके। अधिशासी अभियंता ने आश्वस्त किया कि इस कार्य को 20 अप्रैल तक प्रारंभ कर दिया जाएगा।

Ad Ad

बैठक में चम्पावत बाईपास के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि प्रस्तावित 9.8 किलोमीटर लंबी सड़क में से लगभग 4 किलोमीटर की पूर्ण कटिंग का कार्य संपन्न हो चुका है, जबकि 3 किलोमीटर में आंशिक (हाफ) कटिंग पूरी कर ली गई है। शेष कार्य आगामी एक माह के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बाईपास मार्ग में प्रस्तावित कुल 50 कल्वर्ट्स में से 7 की कास्टिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर आकर्षक व्यू प्वाइंट एवं सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जाएं, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले और जनपद की प्राकृतिक सुंदरता को बेहतर ढंग से प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि जनपद में बेहतर सड़क अवसंरचना विकसित हो सके और आवागमन सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बन सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग दीपक जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad