क्राइमनवीनतमहरिद्वार

उत्तराखंड में इलाज की आड़ में किशोरी से की छेड़छाड़, फर्जी डॉक्टर हुआ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

रुड़की। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने मर्यादा की दीवार लांघने वाले एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। डॉक्टर पर आरोप है कि उसने अस्पताल में भर्ती एक छात्रा के साथ इलाज के नाम पर छेड़छाड़ की। छात्रा के पिता ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिस पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।

हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लंढोरा से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक निजी अस्पताल में इलाज के नाम पर नाबालिग किशोरी के साथ डॉक्टर की ओर से अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, अस्पताल में मौजूद डॉक्टर रिजवान पर आरोप है कि उसने बच्ची को बेहोशी का इंजेक्शन देकर उसके साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। आरोप है कि डॉक्टर ने बच्ची के कपड़े ऊपर उठाए और उसके प्राइवेट पार्ट को छूने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि जब बच्ची को होश आया तो उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। हालांकि, उस समय बच्ची के परिजन अस्पताल के बाहर थे। बच्ची की आवाज सुनकर परिजन अंदर पहुंचे। जहां बच्ची ने रोते हुए अपनी आपबीती परिजनों को बताई थी। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पीड़िता के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर अस्पताल के डॉक्टर रिजवान पर आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ उपचार के दौरान छेड़खानी की गई है, जिसके बाद पुलिस ने इस गंभीर शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमे में नामजद आरोपी डॉक्टर रिजवान पुत्र जबिर निवासी मुख्याली खुर्द थाना लक्सर को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। बता दें यह घटना न सिर्फ चिकित्सा पेशे को शर्मसार करने वाली है, बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है।