खटीमा में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्रेमिका और उसके परिजनों पर FIR दर्ज
लोहाघाट के एक युवक ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर कर ली थी आत्महत्या कर
खटीमा। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां लोहाघाट के एक युवक ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने मृतक की कथित प्रेमिका और उसके परिवार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लोहाघाट के चौड़ा ढेक निवासी दीवान सिंह ढेक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र विक्रांत सिंह उर्फ दीपांशु, जो फार्मेसी द्वितीय वर्ष का छात्र था, एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग में था। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ाई करते थे। तहरीर के अनुसार, पिछले कुछ समय से विक्रांत और युवती के बीच अनबन चल रही थी। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि युवती उनके पुत्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी।
जब युवती के परिजनों को इस प्रेम प्रसंग का पता चला, तो उन्होंने विक्रांत के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। विक्रांत को इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात आईडी से धमकी भरा कॉल भी आया था, जिसकी जानकारी उसने अपने चचेरे भाई को दी थी।
परिजनों का आरोप है कि इसी लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर उनके पुत्र ने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवती और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि “मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना की तह तक जाने के लिए साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।”

