खड़े टैंकर में पीछे से घुसी बोलेरो, पांच की मौत, कटर मशीन से गाड़ी को काटकर शवों को निकाला
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के बड़े बाईपास पर रविवार दोपहर को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। तीन लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाड़ी को कटर मशीन से काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान ग्राम अटा कायस्थान के शाहजाद (45), मुमताज (55) पुत्र इमदाद खां, पीलीभीत के कल्यानपुर के सिकंदर कुमार पुत्र दुर्गेश कुमार के रूप में हुई है। दो अन्य व्यक्तियों की भी मृत्यु हुई है। पहचान की कोशिश की जा रही है। जानकारी के अनुसार लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो (UP 53 EN 6693) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। पुलिस को भी तत्काल सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। गाड़ी में फंसे जिंदा युवक को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कटर मशीन मंगवानी पड़ी। युवक को अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे टैंकर में जा घुसा। लोगों ने बताया कि शनिवार को भी इसी जगह पर टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हो गई थी। घटना के बाद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर मौके पर ही खड़ा था। रविवार को एक और हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की जान चली गई। सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया है कि अभी तक पांच लोगों की मौत हुई है। कार में फंसे व्यक्ति को गाड़ी काटकर बाहर निकाला गया। घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जांच पड़ताल की जा रही है।

