जनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में बाढ़ जैसे हालात, प्रभावितों को राहत शिविरों में करना पड़ा शिफ्ट, प्रशासन ने राहत सामग्री बांटी

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर। जनपद के विभिन्न हिस्सों में लगातार हुई बारिश के चलते रविवार को टनकपुर व बनबसा क्षेत्र में बाढ़ के जैसे हालात पैदा हो गए। कई गांवों में पानी दो से लेकर तीन फुट तक भर गया। ग्राम सभा छीनीगोठ में हुड्डी नदी का पानी घुस जाने से वहां हालात और भी ज्यादा खराब हुए। बनबसा के भी कई गांव हुड्डी नदी के पानी की जद आए। बाढ़ जैसे हालात पैदा होने पर प्रभावितों को राहत शिविरों में शिफ्ट करना पड़ा। प्रशासन ने उन्हें राहत सामग्री भी वितरित की। पानी की वजह से फसलों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। नगर क्षेत्र में भी कहीं कहीं जल भराव की स्थिति रही। घसियारा मंडी और पूर्णागिरि विहार में हालात बेहद खराब हो गए थे। वहीं स्थानीय प्रशासन ने नदी के पानी को डायवर्ट करने के लिए भी कार्य किया गया।

रविवार को सुबह से ही गांव और घरों में घुस रहे पानी ने नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया था। ग्राम छीनीगोठ, नायकगोठ, बोरागोठ के साथ ही नगर के वार्ड नंबर 9 घसियारा मंडी और पूर्णागिरी विहार में जल भराव से हालात खराब हो गए थे। इसके साथ ही प्रशासन भी हरकत में आगया। एसडीएम आकाश जोशी ने टीम गठित कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों को राहत शिविर में शिफ्ट करने का कार्य शुरू कर दिया। ग्राम सभा छीनीगोठ के लिए एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग कॉलेज को राहत शिविर बनाया है, जहां पर 100 लोगों को शिफ्ट किया गया। वहीं दूसरी ओर शारदा घाट एवं अन्य स्थानों स्थानों में निवासरत लोगों को भी शारदा का जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थान पर भेजे जाने का कार्य किया गया।

राहत कार्य के लिए राजस्व विभाग, सिंचाई विभाग, नगरपालिका, पीडब्ल्यूडी, आईटीआई, आरटीओ एवं अन्य विभागों के कार्मिक की ड्यूटी लगाई गई है। टीमें बाढ़ पीड़ितों को खाद्य सामग्री वितरित भी करती रहीं। एसडीएम आकाश जोशी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ आपदा राहत कार्यों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। राहत कार्य में लगे अफसरों में तहसीलदार जगदीश गिरी, एसडीओ सिंचाई आरके यादव, एआरटीओ सुरेन्द्र कुमार, ईओ नगर पालिका भूपेंद्र प्रकाश जोशी, जेई लक्ष्मण सिंह बोहरा, लक्ष्मण सामंत, कानूनगो एसके उनियाल, राजस्व उप निरीक्षक वीरेंद्र पुंडीर, ललित, ऋषभ आदि शामिल रहे।