पूर्व प्रमुख लमगड़िया न खुद जीते न परिवार किसी सदस्य को जिता पाए
चम्पावत जनपद की पाटी ब्लाॅक के पूर्व प्रमुख लक्ष्मण सिंह लमगड़िया क्षेत्र पंचायत सदस्य की पांच सीटों पर हार गए हैं। लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने चौड़ागूठ, पुत्र उदित लमगड़िया ने सिल्योडी गूंठ, बहू दीक्षा लमगड़िया ने देवीधुरा, भतीजा अमित लमगड़िया ने तिमलागूंठ और बहू संगीता लमगड़िया ने बनौली से क्षेत्र पंचायत सदस्य की दावेदारी की थी। दिग्गज नेताओं में शुमार लमगड़िया खुद तो हारे ही परिवार के अन्य किसी भी सदस्य नहीं जिता पाए।
क्षेत्र पंचायत सीट चौड़ागूठ से खीम राम ने दिग्गज नेता लक्ष्मण सिंह लमगड़िया को हरा कर विजय प्राप्त की। खीम राम को 283 मत मिले। लमगड़िया को 161, तीसरी प्रतिद्वंद्वी जीवंती को 125 मत मिले। सिल्योड़ीगूंठ क्षेत्र पंचायत सीट से लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की पुत्र वधू गायत्री अधिकारी ने लमगड़िया के पुत्र उदित लमगड़िया को हराया। गायत्री को 218, उदित को 169, पंकज भट्ट को 144 और नीरज मेहरा को एक मत मिला। क्षेत्र पंचायत देवीधुरा से चंपा देवी ने 308 मत प्राप्त कर दीक्षा लमगड़िया को हराया। दीक्षा को 195 मत मिले। तीसरी प्रत्याशी शांति देवी को 66 मत पड़े। क्षेपं सीट तिमलागूंठ से बसंत बल्लभ जोशी ने 376 मत प्राप्त कर अमित लमगड़िया को हराया। अमित को 310 मत मिले। बनौली से भगवती देवी ने 313 मत प्राप्त करके संगीता लमगड़िया को हराया।
