अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से गैस एजेंसी प्रबंधक डीएस रावत का निधन, क्षेत्र में शोक
चम्पावत। कुमाऊं मंडल विकास निगम गैस एजेंसी चम्पावत के प्रबंधक डीएस रावत का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण असामयिक निधन हो गया। घटना के संबंध में मृतक के साले (पत्नी के भाई) राजेन्द्र सिंह बोरा ने जानकारी देते हुए बताया कि कल शाम श्री रावत कार्यालय से घर लौटने के बाद सामान्य स्थिति में थे और पारिवारिक कार्यों में व्यस्त थे।
उन्होंने बताया कि शाम लगभग 6:30 बजे श्री रावत ने फोन कर सूचित किया था कि वे जिला अस्पताल में भर्ती अपने मामाजी, जिनका पित्त की थैली का ऑपरेशन हुआ था, को डिस्चार्ज करवा रहे हैं। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद उन्होंने उन्हें सकुशल घर भी पहुंचा दिया था।
किंतु इसके लगभग एक घंटे पश्चात ही उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने पेट में तीव्र दर्द की शिकायत करते हुए तत्काल अस्पताल ले जाने का अनुरोध किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान ही उनका आकस्मिक निधन हो गया। राजेन्द्र सिंह बोरा ने सार्वजनिक रूप से अपील की है कि श्री रावत के निधन के कारणों को लेकर किसी भी प्रकार की अटकलें न लगाई जाएं। उन्होंने अनुरोध किया है कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचें और न ही भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करें। अंतिम रिपोर्ट आने के पश्चात ही मृत्यु के सही कारणों की स्पष्ट जानकारी साझा की जाएगी। दुख की इस घड़ी में परिवार ने सभी से सहयोग और शांति बनाए रखने की अपेक्षा की है।

