चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमस्वास्थ

चम्पावत जिला अस्पताल में ब्लड कॉम्पोनेन्ट सेपरेशन यूनिट के लिए भारत सरकार की टीम ने किया निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को जिला अस्पताल चम्पावत स्थित ब्लड बैंक का ब्लड कॉम्पोनेन्ट सेपरेशन यूनिट (BCSU) के लाइसेंस के लिए भारत सरकार की विशेषज्ञ टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ टीम ने ब्लड बैंक की आधारभूत सुविधाओं, अत्याधुनिक उपकरणों, गुणवत्ता मानकों और कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया। साथ ही लाइसेंस प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक बिंदुओं का अवलोकन करते हुए अग्रिम कार्रवाई के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं।

Ad Ad

इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विशेषज्ञ टीम के अधिकारियों से वार्ता करते हुए जनपद में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण रक्त सेवाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्लड कॉम्पोनेन्ट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों को प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और पैक्ड रेड सेल्स जैसी आवश्यक रक्त सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही समय पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि विशेषज्ञ टीम के निरीक्षण के बाद लाइसेंस प्रक्रिया की आवश्यक औपचारिकताएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। लाइसेंस मिलने के बाद जनपद की रक्त सेवाएं अधिक सुदृढ़, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनेंगी, जिससे स्थानीय मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान भारत सरकार की विशेषज्ञ टीम के सदस्य नरेश कुमार गोली, नीरज कुमार और हर्षिता के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।