चम्पावत : सुगंरखाल में बेहोश पड़ा मिला गुलदार, पशुपालन विभाग की टीम कर रही है गुलदार का इलाज
चम्पावत। बाराकोट क्षेत्र के सुंगरखाल गांव के पास एक नर गुलदार बेहोश पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू किया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
मंगलवार 17 फरवरी को सुंगरखाल गांव के पास एक गुलदार के बेहोशी की हालत में पड़े होने की सूचना वन विभाग को मिली। डर के कारण लोग उसके पास नहीं जा रहे थे। काली कुमाऊं के वन क्षेत्राधिकारी राजेश जोशी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने गुलदार को सावधानीपूर्वक कैद (रेस्क्यू) किया और वन विभाग की छीड़ा चौकी में लाकर रखा। रेंजर राजेश जोशी के मुताबिक गुलदार के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं हैं। गुलदार की उम्र 5-6 साल होगी। लोहाघाट से पशुपालन विभाग की टीम को बुलाया गया है। फिलहाल गुलदार का इलाज चल रहा है। हालत सामान्य होने पर गुलदार को रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा। रेस्क्यू कार्य में वन कर्मी प्रकाश गिरी, नंदाबल्लभ भट्ट, रमेश चंद्र त्रिवेदी, दीवान, किशन आदि शामिल थे।


