चम्पावत : पिंजरे से मांस खाकर निकल लिया गुलदार, लोगों ने वन विभाग के खिलाफ की नारेबाजी
चम्पावत। बाराकोट विकास खंड की ग्राम सभा च्यूरानी के धरगड़ा तोक में गुलदार को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे से मांस खाकर गुलदार चुपचाप खिसक लिया। उसके कैद नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने वन विभाग पर पिंजरा लगाने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
मालूम हो कि नौ दिसंबर को गुलदार ने एक ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया था। तब से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। शाम होते ही ग्रामीण अपने घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बाराकोट में बुधवार को जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी के नेतृत्व में वन विभाग के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने कहा कि मंगलवार को च्यूरानी के धरगड़ा तोक में तेंदुए ने देव सिंह अधिकारी को मार डाला था। घटना के बाद वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाया। रात में गुलदार पिंजरे तक आया भी। वह वहां रखे मांस को खाकर आसानी से बाहर भी आ गया। लोगों ने पिंजरे को अच्छी तरीके से लगाने और गुलदार को नरभक्षी घोषित कर गोली मारने के आदेश देने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में उमेश चंद्र जोशी, हिमांशु जोशी, अशोक जोशी, विनोद जोशी, धन सिंह अधिकारी, गोविंद लाल वर्मा, शुभम नाथ, भोला प्रसाद आदि शामिल रहे।
आदमखोर गुलदार को पकड़ने को ट्रेंकुलाइजर गन और ड्रोन का लिया जा रहा सहारा
चम्पावत। बाराकोट क्षेत्र के च्यूरानी के धरगड़ा तोक में आदमखोर हुए गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ट्रेंकुलाइजर गन और ड्रोन कैमरे का सहारा ले रहा है। इतना ही नहीं उसकी लोकेशन ट्रेस करने के लिए 10 10 कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं। लेकिन गुलदार इन सबसे दूर है। इस वजह से लोगों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीण डर से घरों में दुबकने को मजबूर हैं। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को शीघ्र पकड़ कर राहत दिलाने की मांग की है।

