चम्पावत : बाराकोट में आतंक का पर्याय बना गुलदार पिंजरे में कैद हुआ
चम्पावत। वन विभाग की ओर से बाराकोट क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे में गुलदार कैद हुआ है। इससे आतंक का पर्याय बने गुलदार की दहशत से लोगों ने राहत की सांस ली है।
मालूम हो कि पिछले दिनों गुलदार ने हमला कर एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गुलदार के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। रेंजर राजेश कुमार जोशी के अनुसार करीब 15 दिन पहले जंगल गई एक स्थानीय महिला पर इस तेंदुए ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने जंगल में पिंजरा लगाया था।
रविवार सुबह करीब तीन से चार साल का एक नर तेंदुआ पिंजरे में कैद मिला। जिसे रेस्क्यू सेंटर भेजा जा रहा है। वन विभाग की टीम में नंदा बल्लभ भट्ट, प्रकाश गिरी और रमेश त्रिवेदी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। गौरतलब है कि इससे पूर्व ओखलंज और च्यूरानी गांवों से भी दो तेंदुए पकड़े जा चुके हैं।

