एनएच पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गुलदार के शावक की मौत
चम्पावत। टनकपुर-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिन्याड़ी के समीप रविवार 23 नवंबर को गुलदार का एक शावक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शावक के शव को कब्जे में लिया।
बताया गया है कि एनएच पर इस स्थान से तीन शावक घूम रहे थे। इसी दौरान ये दुर्घटना हुई। रास्ते से गुजर रहे पर्यावरण प्रेमी और चम्पावत के पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुर सिंह फर्त्याल ने इस मामले की जानकारी दी। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया है कि मामला संज्ञान में आने के बाद बूम रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन से जांच करने को कहा गया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच जरूरी कार्रवाई कर रही है। उप प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि शावक का पोस्टमाटर्म कराने के बाद कल शव को जलाया जाएगा। साथ ही घटना की प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।

