हल्द्वानी खबर : शादी समारोह से लौटते वक्त कार पलटी, केबल संचालक के बेटे की मौत

हल्द्वानी। शादी समारोह से घर लौट रहे केबल संचालक के बेटे की कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में युवक और उसके साथी बुरी तरह घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया।

टीपीनगर चौकी क्षेत्र के आनंदपुर स्थित करायल चतुर सिंह निवासी उमंग खड़का (26) पुत्र खड़क सिंह खड़का गुरुवार रात करीब दो बजे अपने दो अन्य साथियों के साथ कार चलाकर शादी समारोह से घर लौट रहा था। तभी फूलचौड़ को जाने वाले मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर उमंग की कार पलट गई। हादसे की सूचना पर पहुंची टीपीनगर चौकी पुलिस ने घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने उमंग को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अन्य घायलों की स्थिति में सुधार होने के बाद पुलिस के मुताबिक उन्हें घर भेज दिया गया है। उमंग दो भाइयों में छोटा था और पिता के केबल संचालन के कारोबार में हाथ बंटाता था।
