हल्द्वानी : ढाई साल की मासूम बच्ची की ऑटो से गिरकर गई जिंदगी, परिजनों मे मचा कोहराम
हल्द्वानी। ऑटो से गिरने के चलते एक ढाई साल की बच्ची की जिंदगी चली गई। घटना के बाद से मृतका बच्ची के परिजनो का रो रो कर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के रावतनगर बिंदूखत्ता लालकुआं निवासी सुमन बिष्ट पत्नी विक्रम सिंह बिष्ट की दो बेटियां है। जिसमें बड़ी बेटी करीब 6 साल और छोटी बेटी महज ढाई साल की थी। बीते मंगलवार को सुमन घर से यह कहकर निकली थी कि लालकुआं में मेडिकल कैंप लगा है, जहां वो दवा लेने जा रही है।

इस दौरान सुमन ऑटो में सवार होकर अपनी ढाई साल की बेटी गौरी के साथ काठगोदाम रेलवे स्टेशन पहुंची। गौरी सुमन की गोद में थी, तभी सुमन को चलते ऑटो में चक्कर आ गया तथा वह बेहोश हो गई। महिला के बेहोश होते ही ढाई साल की बच्ची ऑटो से नीचे गिरी, इसके बाद महिला भी नीचे गिर गई। ऑटो से नीचे गिरने के कारण मां बेटी दोनों घायल हुई, मगर नन्ही सी गौरी की हालात बेहद नाजुक थी, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिजनों को गहरा सदमा लगा है। वहीं बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। मृतका गौरी के पिता भारतीय सेना में तैनात हैं। जिन्हे घटना की जानकारी दे दी गई है।

