बनबसा : सैन्य सम्मान के साथ हुआ हवलदार हरीश चंद का अंतिम संस्कार
बनबसा/चम्पावत। क्षेत्र के ग्राम गढ़ीगोठ निवासी 12 कुमाऊं रेजीमेंट के हवलदार हरीश चंद का अंतिम संस्कार आज मंगलवार 10 फरवरी को सैन्य सम्मान के साथ स्थानीय शारदा घाट हुआ। 26 राजपूत रेजीमेंट के नायब सूबेदार जय सिंह ने स्टेशन कमांडर के प्रतिनिधि के तौर पर और 12 कुमाऊं रेजीमेंट के सूबेदार हर सिंह ने कमांडिंग ऑफिसर 12 कुमाऊं रेजिमेंट की तरफ से पुष्प चक्र अर्पित किए। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। चिता को मुखाग्नि मृतक के ताऊ खीम चंद एवं चाचा हर्ष बहादुर चंद ने दी।

सीमा सुरक्षा बल कंपनी से असिस्टेंट कमांडर ज्सोवंता व उनकी टुकड़ी और बनबसा पुलिस थाना के इंस्पेक्टर देवेंद्र ने श्रद्धांजलि दी। प्रशासन की ओर से तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्कर कापड़ी, ग्राम प्रधान भरत प्रसाद, कैप्टन लक्ष्मण चंद, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद, हवलदार बलवीर चंद, कैप्टन लक्ष्मण चंद सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
गढ़ीगोठ निवासी भरत चंद के फौजी बेटे हवलदार हरीश चंद (35) आकस्मिक अवकाश पर कुछ दिन पूर्व घर आए हुए थे। कल 9 फरवरी तड़के करीब 3 बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई। वे अपने पीछे पत्नी आशा चंद और 14 माह के पुत्र को छोड़ गए हैं।


