हेमंत द्विवेदी बने बदरी केदार मंदिर समिति के नए अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष भी किए गए नियुक्त
देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इसी के साथ ही सरकार ने पिछले चार माह से खाली चल रहे बदरी केदार मंदिर समिति (BKTC) अध्यक्ष पद पर भी नियुक्ति कर दी है। साथ ही दो उपाध्यक्ष भी बनाए गए हैं। आरएसएस की नर्सरी से निकले हेमंत द्विवेदी को बदरी केदार मंदिर समिति का अध्यक्ष नामित किया गया है। दरअसल, जनवरी 2025 को अध्यक्ष पद खाली हो गया था।
सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर ‘बदरी केदार मंदिर समिति’ में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। इस बार अध्यक्ष के अलावा दो उपाध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं। पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले हेमंत द्विवेदी को बदरी केदार मंदिर समिति का अध्यक्ष नामित किया गया है। जबकि चमोली के रहने वाले ऋषि प्रसाद सती और रुद्रप्रयाग के रहने वाले विजय कपरवान को को बदरी केदार मंदिर समिति में उपाध्यक्ष के पद पर नामित किया गया है। ‘श्री बद्रीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर समिति’ के कार्यक्षेत्र में विस्तार, तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, चारधाम यात्रा के बेहतर प्रबंधन और समिति के कार्यों का कुशल संचालन और बेहतर समन्वय के लिए एक से अधिक उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों से स्थानीय जनप्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। इससे निर्णय प्रक्रिया तेज होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीकेटीसी के नवनियुक्त अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और दोनों उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कपरवान को बधाई दी। इन दायित्वों के जरिए उन्हें पूरा भरोसा है कि सभी सम्मानित पदाधिकारी अपने अनुभव, समर्पण और दूरदृष्टि से समिति के कार्यों को नई गति और दिशा प्रदान करेंगे। दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति का निर्णय तीर्थ क्षेत्रों के व्यापक संचालन, बेहतर समन्वय और यात्रियों को अधिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पौड़ी जिले की यमकेश्वर तहसील के भृगुखाल (खोबरा) गांव के मूल निवासी हेमंत द्विवेदी 1999 से छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे। एबीवीपी, भाजयुमो और भाजपा में उन्होंने अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह 2007-2009 तक युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता रहे। 2013-15 तक भाजपा के प्रदेश सचिव, 2016-2021 तक आजीवन सहयोग निधि के संयोजक, 2022 में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पद पर रहे। द्विवेदी 2009-2012 तक उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम के अध्यक्ष रहे। दोबारा दर्जाधारी बनने के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा।

