नवीनतमहरिद्वारहादसा

देहरादून-पंचकूला हाईवे पर भीषण हादसा, कांग्रेस नेता के बेटे और भांजे की मौत, एक दिन पहले मंगनी हुई थी

ख़बर शेयर करें -

रुड़की। देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर बुलेट बाइक एक वाहन से टकरा गई। हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह राणा का बेटा विजय राणा और भांजा रुद्र प्रताप शामिल हैं। 22 फरवरी को ही विजय की मंगनी हुई थी।

जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार के झबरेड़ा थाने के भलस्वा गांव के रहने वाले विजय राणा (उम्र 23 वर्ष) और सहारनपुर के बड़गांव थाने के शब्बीरपुर गांव के रहने वाले रुद्र प्रताप (उम्र 22 वर्ष) बुलेट मोटरसाइकिल से पंजाब के जालंधर जा रहे थे। विजय राणा जालंधर में नौकरी करते थे। उनका भांजा रुद्र प्रताप वहां पढ़ाई करता था। सोमवार की सुबह के समय कोहरा था, जिससे विजबिलिटी कम थी। इसी बीच देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बुलेट से जा रहे दोनों युवक आगे चल रही एक अनजान गाड़ी से टकरा गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे नकुड़ रोड क्रॉसिंग के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है।

परिवार वालों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव अपने साथ ले जाने का फैसला किया। इस हादसे से झबरेड़ा थाना क्षेत्र के भलस्वा गाज गांव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर वीरेंद्र सिंह राणा के घर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके घर में शादी की तैयारियां जोरों शोरों से चल रही थीं। दरअसल, वीरेंद्र ठाकुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सदस्य हैं। पूर्व में गढ़वाल मंडल विकास निगम के डायरेक्टर भी रह चुके हैं।

बताया गया है कि कांग्रेस नेता वीरेंद्र ठाकुर के बेटे विजय राणा जालंधर के पंजाब में नौकरी करते थे। उनके साथ उनका भांजा रुद्र प्रताप पढ़ाई कर रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक 22 फरवरी रविवार के दिन वीरेंद्र ठाकुर के बेटे विजय राणा की मंगनी हुई थी। सोमवार की सुबह उनका बेटा विजय राणा और भांजा रुद्र प्रताप मोटरसाइकिल पर सवार होकर पंजाब के जालंधर जा रहे थे। जैसे ही वह पंचकूला हाईवे पर पहुंचे तभी आगे जा रहे वाहन से उनकी टक्कर हो गई और मोटरसाइकिल सवार दोनों की इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इस हादसे के बाद कांग्रेस महानगर के जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने भी दुख प्रकट करते हुए शोक जताया है। उधर, घटना के बाद मृतकों के घर में मातम का माहौल बना हुआ है। रिश्तेदार समेत अन्य लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए पहुंच रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।