उत्तर प्रदेशउत्तराखण्डनवीनतमहादसा

यूपी के बलरामपुर में हुआ भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत, उत्तराखंड से देवरिया जा रहे थे परिजन

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड से देवरिया जा रही कार को शुक्रवार की रात बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर बजाज चीनी मिल गेट के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे कार सवार छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई है। परिवार मूलरूप से देवरिया का रहने वाला था। उत्तराखंड के नैनीताल से कार से आ रहा था। हादसा उतरौला मार्ग पर विशंभरपुर गांव के पास हुआ है।

बताया जाता है कि देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाने के बंकुल गांव निवासी सोनू शाह परिवार के साथ कार से उत्तराखंड से देवरिया जा रहे थे। बलरामपुर से उतरौला मार्ग पर शुक्रवार की रात जब वह श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के बजाज चीनी मिल गेट के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसके बाद टक्कर मारने वाला वाहन भाग निकला। वहीं, कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार सोनू समेत परिवार के छह अन्य की मौत हो गई। रात में गश्त से लौट रही पुलिस टीम ने जब क्षतिग्रस्त कार को देखा तो आननफानन में कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी गई। मृतकों के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। एसओ विपुल पांडेय ने बताया कि एक की पहचान हो गई है। उसके परिजनों को जानकारी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि सभी परिवार के ही सदस्य हैं। परिजन आ रहे हैं। इसके बाद स्थिति साफ हो सकेगी।
पुलिस ने बताया कि सोनू शाह (28) नैनीताल की पेपर मिल में नौकरी करते थे। शुक्रवार शाम 4 बजे वह कार से देवरिया के लिए निकले। कार में उनकी पत्नी सुजावती (25) दो बच्चों रुचिका (6) और दिव्यांशु (4) के अलावा भाई रवि शाह (18) और बहन खुशी भी थी। हादसे में इन सभी की मौत हो गई।

परिजनों का शव देखकर पारस शाह बेहोश हो गए
सोनू शाह के पिता पारस शाह सूचना पर सबसे पहले पहुंचे। पूरे परिवार की लाश देखकर वह बेहोश हो गए। रिश्तेदारों ने उनको किसी तरह संभाला। एसओ विपुल पांडेय ने बताया है कि जिस वाहन ने कार को टक्कर मारी उसका पता लगाया जा रहा है। हादसा रात 2 बजे के करीब हुआ। जबकि पुलिस एक घंटे बाद करीब 3 बजे तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, कार सोनू शाह चला रहे थे। बगल में पत्नी सुजावती बैठी थी। गाड़ी की पिछली सीट पर सोनू के भाई-बहन और दोनों बच्चे बैठे थे। टक्कर के बाद सोनू का सिर स्टेयरिंग में फंस गया। पत्नी डैशबोर्ड के नीचे दब गई थी। उधर, रवि, खुशी, रुचिका और दिव्यांशु भी गाड़ी की सीट के नीचे दब गए। सारे शव एक दूसरे के ऊपर पड़े थे। पहचानना भी मुश्किल हो रहा था।

Ad