चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : खेतखेड़ा में अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, संयुक्त टीम के निरीक्षण में नहीं मिली अनियमितता

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। सोशल मीडिया पर शारदा नदी के किनारे खेतखेड़ा क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत सामने आने के बाद चम्पावत प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी टनकपुर के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में अवैध खनन की पुष्टि नहीं हुई, बल्कि शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत नदी सुरक्षा (रिवर प्रोटेक्शन) का कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप संचालित होता पाया गया।

निरीक्षण के दौरान शिकायत में उल्लेखित स्थल का गहन परीक्षण किया गया। संयुक्त टीम को मौके पर किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि संचालित होती नहीं मिली। जांच में स्पष्ट हुआ कि जिस स्थान को लेकर अवैध खनन की शिकायत की जा रही थी, वहां शारदा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत यूपीडीसीसी द्वारा नदी सुरक्षा (रिवर प्रोटेक्शन) से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं।

Ad Ad

अधिकारियों ने पाया कि कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य के तहत पहले से एकत्रित मलबे को तकनीकी मानकों के अनुरूप व्यवस्थित एवं विस्तारित कर रही थी। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य स्वीकृत योजना के अनुसार संचालित होता पाया गया।

उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान शारदा नदी के जलस्तर और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य पूरी सावधानी तथा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार का भू-कटाव या अन्य प्रतिकूल प्रभाव उत्पन्न न हो।

जिला खनन अधिकारी राहुल रावत ने भी मौके का निरीक्षण कर बताया कि जिस स्थान पर अवैध खनन की शिकायत की जा रही थी, वह किरोड़ा नाले में प्रस्तावित कार्यों के दायरे में आता है। यहां पहले से जमा मलबे को व्यवस्थित करने का कार्य किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान कहीं भी अवैध खनन नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि खनन विभाग द्वारा पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि वर्षा ऋतु के दौरान किसी प्रकार का भू-कटाव, पर्यावरणीय नुकसान या जनहानि की स्थिति उत्पन्न न हो।

प्रशासन ने कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी को निर्देशित किया है कि मानसून के दौरान शारदा नदी के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। प्रशासन का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।